हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे रह रही एक बांग्लादेशी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से बांग्लादेशी पासपोर्ट, नेशनल आईडी और कई फर्जी भारतीय दस्तावेज बरामद हुए हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। सत्यापन अभियान के दौरान संदिग्ध महिला को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपनी पहचान छिपाकर रहने की बात स्वीकार की।
जांच में सामने आया कि महिला बांग्लादेश की रहने वाली है और वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से भारत में रह रही थी। हरिद्वार आने के बाद उसने अपने साथी की मदद से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट जैसे फर्जी दस्तावेज बनवा लिए।

पुलिस ने दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
