उत्तराखंड के रुद्रपुर में हनीट्रैप और जबरन वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक व्यापारी को जाल में फंसाकर उससे पैसे वसूलने और फर्जी केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित व्यापारी के मुताबिक, एक युवती उनसे कई दिनों से फोन पर संपर्क में थी। 27 मार्च को उसने उन्हें मिलने के बहाने फुलसुंगा श्मशान घाट के पास बुलाया। वहां से वह उन्हें अपने घर ले गई, जहां पहले से कुछ लोग मौजूद थे।
आरोप है कि घर पहुंचते ही एक अन्य युवती और चार युवक सामने आ गए। उन्होंने जबरदस्ती व्यापारी के कपड़े उतरवाए, वीडियो बनाई और मारपीट की। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने व्यापारी के हाथ-पैर बांधकर 5 लाख रुपये की मांग की।
व्यापारी का कहना है कि आरोपियों ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें झूठे दुष्कर्म के केस में फंसा दिया जाएगा। डर के चलते उन्होंने अपने एक दोस्त से 14 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए।
इसके बाद रात में एक युवती आई, जिसने कथित रूप से उनकी ‘जमानत’ ली और उन्हें वहां से छुड़ाया। जाते समय उसने अगले दिन 1.20 लाख रुपये देने की धमकी भी दी। पीड़ित के अनुसार, 28 मार्च को उन्होंने 30 हजार रुपये नकद दिए, लेकिन इसके बावजूद लगातार फोन कर और पैसे की मांग की जा रही है।
घटना के बाद व्यापारी मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। उनकी शिकायत पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली ट्रांजिट कैंप के प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

