रिंकू राणा
रिंकू राणा, जिन्हें थारू जनजाति की पहली लोक गायिका के रूप में जाना जाता था, की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा नानकमत्ता क्षेत्र में होली के दिन हुआ, जिससे परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार 33 वर्षीय रिंकू राणा अपने मायके से होली खेलने के बाद स्कूटी से घर लौट रही थीं। वह नौगजा कल्याणपुर की निवासी थीं और दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सड़क किनारे स्कूटी खड़ी कर किसी से बात कर रही थीं। उनके साथ उनकी भतीजी जिया राणा भी मौजूद थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही ईंटों से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में रिंकू राणा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल रिंकू राणा को सितारगंज के उप जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में उनकी भतीजी को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी व ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार रिंकू राणा का एक बेटा है, जो चौथी कक्षा में पढ़ता है। उनकी असमय मृत्यु से परिवार में गहरा दुख छा गया है। वहीं स्थानीय लोगों और प्रशंसकों ने भी इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
