देहरादून: देहरादून में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। 17 दिनों के भीतर पांचवीं हत्या ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला शहर के व्यस्त इलाके स्थित सिल्वर सिटी मॉल का है, जहां दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मॉल की सीढ़ियों पर युवक का शव मिलने से अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय विक्रम शर्मा के रूप में हुई है। वह काशीपुर में स्टोन क्रशर का संचालन करता था और देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र में रह रहा था। जानकारी के मुताबिक वह सुबह करीब 9 बजे जिम करने के लिए मॉल पहुंचा था। करीब साढ़े 10 बजे जब वह जिम से नीचे उतर रहा था, तभी दो हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। हमलावर पहले से पूरी तैयारी में थे और एक साथी बाइक लेकर मुख्य सड़क पर खड़ा था। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए।
सूत्रों के मुताबिक विक्रम शर्मा को जान का खतरा था और वह खुद भी पिस्टल लेकर चलता था, लेकिन हमलावरों ने उसे संभलने का मौका नहीं दिया। बताया जा रहा है कि विक्रम पर 50 से अधिक मुकदमे दर्ज थे, जिनमें 30 से ज्यादा हत्या के मामले शामिल बताए जा रहे हैं। करीब दस साल पहले उसे झारखंड पुलिस गिरफ्तार कर ले गई थी और वह लंबे समय तक जेल में रहा। फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड को गैंगवार से जोड़कर देख रही है।

घटना की सूचना मिलते ही आईजी गढ़वाल, एसएसपी देहरादून और एसटीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें गठित की गई हैं। अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
