देहरादून: उत्तराखंड के सबसे बड़े सरकारी दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों को अब रजिस्ट्रेशन के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की परेशानी से राहत मिल गई है। अस्पताल प्रशासन ने बुधवार से ओपीडी के हर फ्लोर पर रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू कर दिए हैं, जिससे मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
नई व्यवस्था के तहत सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ओपीडी में ही आयुष्मान काउंटर भी संचालित किए जा रहे हैं। पहले भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के लिए कई मरीजों को आपातकालीन विभाग जाना पड़ता था, जबकि इमरजेंसी और ओपीडी भवन अलग-अलग स्थानों पर होने से मरीजों और तीमारदारों को असुविधा होती थी और इमरजेंसी पर अनावश्यक दबाव भी बढ़ता था।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार 11 फरवरी से रजिस्ट्रेशन काउंटरों की संख्या बढ़ाकर अलग-अलग मंजिलों पर सुविधा शुरू कर दी गई है। पहले यह सुविधा केवल ग्राउंड फ्लोर पर उपलब्ध थी, जहां लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था और मरीजों का काफी समय सिर्फ पर्चा बनवाने में ही लग जाता था
मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. एन. एस. बिष्ट ने बताया कि मरीजों की सुविधा के लिए गेट नंबर 2 और 5 पर आयुष्मान काउंटर पहले से संचालित हैं, वहीं अब मुख्य रजिस्ट्रेशन काउंटर के पास भी नया आयुष्मान काउंटर खोल दिया गया है, ताकि भर्ती मरीजों को सड़क पार कर दूर जाने की जरूरत न पड़े। उन्होंने कहा कि जनसंवाद के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए तुरंत समाधान किया है।

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि नई व्यवस्था से गंभीर मरीजों को इमरजेंसी में तेजी से इलाज मिल सकेगा, मरीजों का समय बचेगा और उपचार प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित होगी। यह कदम अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुचारु बनाने की व्यापक योजना का हिस्सा माना जा रहा है।
