कोटद्वार : कोटद्वार के पटेल मार्ग पर स्थित एक कपड़ों की दुकान के नाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मामूली नोकझोंक सड़क पर हाथापाई और तनावपूर्ण हालात में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में कुछ युवक दुकानदार से कहते नजर आ रहे हैं कि ‘बाबा’ नाम रखने का अधिकार केवल हिंदू समुदाय के लोगों को है। इस पर दुकानदार ने साफ किया कि उनकी दुकान पिछले 30 वर्षों से इसी नाम से चल रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को इस नाम से आपत्ति है, तो वे बोर्ड हटाने के लिए तैयार हैं।
हालांकि इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच सड़क पर बहस शुरू हो गई…जो बाद में हाथापाई तक बढ़ गई। समय रहते स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। किसी के घायल होने की खबर नहीं है…लेकिन घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार विवाद उस समय बढ़ा जब बजरंग दल के कुछ सदस्य दुकानदार की दुकान के नाम पर आपत्ति जताने पहुंचे। दुकानदार की दुकान का नाम ‘बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर’ है। इस दौरान बाहर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन भी हुआ।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और किसी को भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कोटद्वार में बाबा सिद्धबली मंदिर प्रसिद्ध है…जिसे लोग अपार श्रद्धा से पूजते हैं। स्थानीय लोग अपनी दुकानों के नाम के आगे ‘बाबा’ इस मंदिर के सम्मान और आस्था के कारण लगाते हैं। ऐसी मान्यता है कि सिद्धबली बाबा दुख, भय और समस्याओं का समाधान करते हैं। इसके अलावा, यहां गुरु गोरखनाथ बाबा ने ध्यान लगाया था…जिससे यह स्थल नाथ समुदाय के लिए भी पूजनीय है।
