रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने 33 लाख रुपए मूल्य की स्मैक के साथ एक किशोर को पकड़ा। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि किशोर को यह स्मैक उसके ही माता-पिता ने तस्करी करने के लिए दिया था। इस पर किशोर के माता-पिता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया, जबकि किशोर को संरक्षण में लिया गया है।
एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की एंटी नारकोटिक्स टीम को सूचना मिली थी कि गदरपुर क्षेत्र में स्मैक की सप्लाई हो रही है। टीम ने गदरपुर थाना पुलिस के साथ मिलकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान स्कूटी पर आता हुआ किशोर संदिग्ध पाया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 112.3 ग्राम स्मैक बरामद हुआ…जिसकी कीमत 33 लाख रुपए आंकी गई।
किशोर ने पुलिस को बताया कि स्मैक उसके माता-पिता ने उसे दिया था। उन्होंने कहा कि पुलिया के पास एक व्यक्ति खड़ा होगा…उसे यह सामान दे देना और वापस आ जाना। किशोर ने सामान डिलीवरी के लिए ले जाते समय पुलिस की गिरफ्त में आ गया।

पुलिस ने स्मैक और स्कूटी अपने कब्जे में ले ली है। किशोर के माता-पिता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि किशोर के पिता एक कुख्यात ड्रग तस्कर हैं और उनके खिलाफ पहले से 9 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं माता के खिलाफ भी 6 मुकदमे हैं। पुलिस अब दोनों माता-पिता की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
