पौड़ी गढ़वाल : उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में पौड़ी जिले के जयहरीखाल विकासखंड के बरस्वार गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है।
डेढ़ साल की याशिका अपने घर के आंगन में खेल रही थी…तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर अचानक हमला कर उसे झाड़ियों की ओर ले गया। ग्रामीणों की तत्काल मदद से बच्ची को खोजा गया, लेकिन लैंसडाउन अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और ग्रामीण आक्रोशित हैं। परिजन और स्थानीय लोग वन विभाग से मांग कर रहे हैं कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए….पिंजरे लगाकर गुलदार को पकड़ा जाए और इसे आदमखोर घोषित कर उचित कार्रवाई की जाए।
लैंसडाउन के रेंजर राकेश चंद्रा ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि आसपास के इलाकों में वन्यजीव की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पौड़ी जिले के कई विकासखंडों में गुलदार और अन्य वन्यजीव लगातार आबादी वाले क्षेत्रों में दिख रहे हैं। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है खासकर बच्चों और बुजुर्गों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों की मांग है कि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को दोहराए बिना रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएँ।
