बैजनाथ (बागेश्वर)। कोतवाली क्षेत्र के जैसर गांव में 21 दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। ससुर की तहरीर के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार जैसर गांव निवासी अंकित सिंह की 21 दिन की पुत्री भूमि की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बैजनाथ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाल कैलाश सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
कोतवाल कैलाश सिंह बिष्ट ने बताया कि बच्ची के दादा केशर सिंह कोरंगा ने तहरीर देकर अपनी बहू दीपा देवी पर मासूम की हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में जांच जारी है और शीघ्र गिरफ्तारी की बात कही गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के समय बच्ची के पिता घर पर नहीं थे। दंपति की प्रेम विवाह बताया जा रहा है और पिछले कुछ समय से परिवार में अनबन की चर्चा भी सामने आई है। बताया गया है कि मृतका की मां ने पूर्व में पारिवारिक विवाद को लेकर डायल 112 पर भी सूचना दी थी।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
