लालकुआं: लालकुआं के टांडा रेंज स्थित शाह पठानी खत्ते में जंगली हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों व्यक्तियों को हाथी ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
मृतकों में एक की पहचान बांधो प्रजापति (75 वर्ष), निवासी झारखंड के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि दूसरा व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
घटना की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा और वन विभाग के रेंजर रूपनारायण गौतम मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वहीं, मृतकों के परिजनों ने मुआवजे की मांग की है, जिस पर वन विभाग ने नियमानुसार सहायता देने का आश्वासन दिया है।

